नैनवां ( नीरज गौड़ ) – नैनवां कस्बे में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला बुधवार को पोस्ट ऑफिस परिसर से दिनदहाड़े मोटरसाइकिल चोरी होने का सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है। पीड़ित शाखा डाकपाल ने नैनवां थाने में अज्ञात चोर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बाइक बरामद करने और आरोपी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार रजलावता निवासी मदनलाल नागर पुत्र छोटूलाल बुधवार सुबह करीब 11 बजे अपनी हीरो मोटरसाइकिल (आरजे-08 सीएस-4107) से नैनवां पोस्ट ऑफिस डाक लेने पहुंचे थे। उन्होंने पोस्ट ऑफिस परिसर में टीन शेड के नीचे अन्य वाहनों के पास बाइक लॉक कर खड़ी की और कार्यालय के अंदर चले गए। मदनलाल नागर ने बताया कि वे प्रतिदिन डाक लेने और वितरण कार्य के लिए नैनवां पोस्ट ऑफिस आते हैं। दोपहर करीब 2:30 बजे बाहर लौटने पर उनकी मोटरसाइकिल गायब मिली। आसपास काफी तलाश करने के बावजूद बाइक का कोई सुराग नहीं लगा।
इसके बाद उन्होंने नैनवां थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर चोर की तलाश की जा रही है।
