बूंदी – बूंदी पत्रकार संघ जार बूंदी के जिलाध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार कलीमुद्दीन अंसारी की माता 75 वर्षीय जेबुन्निसा (मुन्नी) पत्नी मरहूम मुल्ला शहाबुद्दीन का शुक्रवार को निधन हो गया। उनके निधन की खबर से परिवार, रिश्तेदारों और पत्रकार जगत में शोक की लहर दौड़ गई। जेबुन्निसा अपने पीछे पांच पुत्रों और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गईं। पुत्र कलीमुद्दीन अंसारी ने बताया कि उनकी माता पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रही थीं। शुक्रवार सुबह परिजनों की मौजूदगी में उन्होंने अंतिम सांस ली। निधन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग ब्रह्मपुरी स्थित उनके आवास पर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया।
दोपहर बाद ब्रह्मपुरी स्थित आवास से गमगीन माहौल में अंतिम यात्रा रवाना हुई। उसके बाद मीरा गेट स्थित कब्रिस्तान में मुस्लिम रीति-रिवाज से उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया गया। अंतिम यात्रा में राजनीतिक, सामाजिक, व्यापारिक, प्रशासनिक और मीडिया जगत से जुड़े लोगों सहित बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए और दिवंगत आत्मा की मगफिरत की दुआ की। कलीमुद्दीन अंसारी ने बताया कि रविवार को ब्रह्मपुरी स्थित छोटी मस्जिद में सोयम की फातिहा होगी। निधन पर बूंदी के पत्रकारों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न वर्गों के लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
