नैनवां (नीरज गौड़)। नैनवां स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा में डायरी एंट्री (पासबुक प्रिंटिंग) मशीन पिछले तीन दिनों से बंद होने के कारण ग्राहकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बैंक की यह सेवा लंबे समय से कभी पूरी तरह बंद तो कभी रुक-रुक कर चलने की समस्या से जूझ रही है, जिससे खाताधारकों में नाराजगी बढ़ रही है।
ग्राहकों का कहना है कि पासबुक अपडेट कराने के लिए उन्हें बार-बार बैंक के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, लेकिन मशीन बंद होने के कारण उन्हें बिना काम के लौटना पड़ रहा है। विशेष रूप से मार्च के बाद वार्षिक लेखा-जोखा, आयकर संबंधी कार्यों तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े दस्तावेजों के लिए पासबुक की अद्यतन एंट्री आवश्यक होती है। ऐसे समय में डायरी एंट्री मशीन का लगातार खराब रहना लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि बैंक ऑफ बड़ौदा अपनी बेहतर बैंकिंग सेवाओं के लिए जाना जाता रहा है, लेकिन वर्तमान में मशीनों के रखरखाव और प्रबंधन में लापरवाही से बैंक की छवि प्रभावित हो रही है। ग्राहकों ने बैंक प्रबंधन से जल्द से जल्द डायरी एंट्री मशीन को दुरुस्त कर नियमित सेवा बहाल करने की मांग की है, ताकि खाताधारकों को अनावश्यक परेशानी से राहत मिल सके।
