नैनवां – विश्व हिन्दू परिषद-बजरंग दल की बैठक वार्ड संख्या 17 स्थित कालबेलिया बस्ती में आयोजित की गई। बैठक में आगामी 14 अगस्त को अखंड भारत दिवस के अवसर पर नैनवां में आयोजित होने वाली “अखंड भारत संकल्प यात्रा” की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिला सह संपर्क प्रमुख शेखर व्यास ने कहा कि विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल प्रत्येक वर्ष 14 अगस्त को अखंड भारत संकल्प दिवस के रूप में मनाते हैं। उन्होंने कहा कि इस दिवस का उद्देश्य समाज में अखंड भारत की भावना को जागृत करना तथा यह संकल्प लेना है कि एक दिन भारत पुनः अपने सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक स्वरूप में अखंड भारत के रूप में प्रतिष्ठित होगा।
बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने आगामी कार्यक्रम को भव्य एवं सफल बनाने के लिए व्यापक जनसंपर्क करने, प्रत्येक हिन्दू परिवार तक पहुंचने तथा अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्णय लिया। सभी कार्यकर्ताओं ने नैनवां नगर के प्रत्येक हिन्दू परिवार से 14 अगस्त को आयोजित अखंड भारत संकल्प यात्रा में अधिकाधिक संख्या में सहभागिता करने का आह्वान किया।
बैठक में प्रखंड सह मंत्री सोनू जांगिड़, नगर सह संयोजक राजेश जोगी, नगर मंत्री मुकेश नागर, नगर सह मिलन केंद्र प्रमुख बबलू यादव, कन्हैयालाल जोगी, हरजी जोगी, हीरालाल जोगी, प्रभुलाल योगी, हजारीनाथ, रामलाल दीपक, लक्ष्मण सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
