लाखेरी (जितेन्द्र गौड़ ) – कस्बे में सुभाष सर्किल पर रविवार अल सुबह करीब 8 बजे बाइक एवं ट्रक में भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें ईटों से लदे ट्रक ने मां के सामने 12 वर्षीय बच्चे को कुचल दिया, इसके बाद करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए ले गया, एवं हादसे में बच्चे की माँ और मामा भी गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें कोटा रेफर कर दिया। समाचार लिखे जाने तक कोटा अस्पताल में इलाज चला रहा है। हादसे को लेकर परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया, अभिजित माता पिता की इकलोती संतान थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार लाखेरी थाना पुलिस ने बताया कि पापड़ी निवासी अंजू पत्नी मुरली अपने बेटे अभिजित के साथ अपने पीहर उतराना गई हुईं थी, रविवार सुबह बाबूलाल और बेटे अभिजीत के साथ बाइक से अपने घर पापड़ी जा रहीं थी, इसी बीच कस्बे के सुभाष सर्किल समीप ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने लाखेरी बूंदी मार्ग हाइवे पर जाम लगा दिया। दुर्घटना की सूचना पाकर डीएसपी सहित थाना पुलिस एवं उपखंड अधिकारी केलाश चंद गुर्जर सहित प्रशासनिक अमला घटनास्थल पर पहुचा और डीएसपी दिलीप मीणा एवं एसडीएम ने परिजनों से समझाइश की। ग्रामीणों का आरोप था कि घटना के बाद ट्रक चालक फरार हो गया और घटना के बाद पुलिस ने ट्रक बदल दिया, इसको लेकर ग्रामीण नाराज हो गए और जाम लगा दिया। डीएसपी दिलीप मीणा का कहा कि दुर्घटना करने वाले ट्रक बदलने की बात सामने आई है। मीणा ने परिजनों के बताने पर दुर्घटना करने वाले ट्रक को बरामद करवाया और ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई करने व ट्रक बदलने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा सरकार द्वारा उचित मुआवजा दिलाने की मांग पर सहमति बनने के बाद करीब पांच घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया।
