नैनवॉ ( नीरज गौड़ ) – शुक्रवार को राजस्थान अधीनस्थ कम्प्यूटर कर्मचारी संघ की ब्लॉक ईकाई ने मुख्यमंत्री के नाम उपखण्ड अधिकारी नैनवॉ को लम्बित मांगो को लेकर ज्ञापन दिया। आई0टी0 यूनियन जिला उपाध्यक्ष मोजीराम मीना ने बताया कि ज्ञापन मे राजस्थान अधीनस्थ कम्प्यूटर कर्मचारी संघ की ओर से निम्न मांग की गई-
- सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग को तकनीकी विभाग घोषित करते हुए दशकों से व्याप्त वेतन विसंगति दूर कर सहायक प्रोग्रामर की ग्रेड-पे 4200 (लेवल-11) एवं सूचना सहायक की ग्रेड-पे 3600 (लेवल-10) नियत की जावे।
- प्रोग्रामर: सहायक प्रोग्रामर: सूचना सहायक के पदो का अनुपात 1: 2: 3 नियत किया जावे, साथ ही किसी विभाग द्वारा पदो की मांग किये जाने पर इसी अनुपात में पद उपलब्ध करवाये जावे।
- पंचायतीराज, गृह विभाग, शिक्षा विभाग, सचिवालय, स्वायत्त शासन विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग एवं लोक निर्माण जैसे बडे विभागो में आईटी के प्रचुर कार्य है एवं कार्मिकों की संख्या लगभग नगण्य है, अतएव इन विभागों में ब्लॉक लेवल तक आईटी के नवीन पदों का सृजन सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग के माध्यम से किया जावे।
- समस्त आईटी कार्मिक कम्प्यूटर के समक्ष लम्बी अवधि तक कार्य करते है, जिसके कारण विभिन्न प्रकार के मानव शरीर को होने वाले नुकसान को मध्यनजर समस्त कार्मिको को हार्ड ड्यूटी अलाउंस उपलब्ध करवाया जावे।
- सूचना सहायक पद की सीधी भर्ती की न्यूनतम योग्यता तकनीकी स्नातक अथवा 03 वर्षीय डिप्लोमा मय 01 वर्ष का अनुभव किया जावे।
- सूचना सहायक का नाम परिवर्तित कर कनिष्ठ प्रोग्रामर किया जावे।
- एसीपी उपनिदेशक की सीधी भर्ती में सूचना सहायक पद के कार्यानुभव को शामिल करते हुए एसीपी एवं प्रोेग्रामर की भर्ती में विभाग के कार्मिकों हेतु विभागीय परीक्षा आयोजित करवाई जावे या सीधी भर्ती में 33 प्रतिशत विभागीय आरक्षण दिया जावे।
- किसी भी विभाग में राजकीय अवकाश के दिन आईटी कार्मिक को कार्यालय बुलाये जाने पर सीसीएल/डे ऑफ के स्पष्ट आदेश जारी किये जावे।
- संभाग स्तर पर CAD की स्थापना की जावे, ताकि जिलों पर पदस्थापित आईटी कार्मिक जो कि जयपुर में स्थित CAD की भांति सॉफ्टवेयर डवलपमेंट/वेब डिजाइनिंग/डेटाबेस मेनेजमेंट इत्यादि का कार्य करने के इच्छुक है, उन्हे उचित प्लेटफॉर्म उपलब्ध हो सके, साथ ही ऐसा कार्य करने वाले आईटी कार्मिकों को अतिरिक्त भत्ता उपलब्ध करवाया जावे।
- विभिन्न जिलों से एपीओ होने वाले सहायक प्रोग्रामर एवं सूचना सहायक को पदस्थापन आदेश जारी होने तक की अवधि तक जिला मुख्यालय ही प्रतिक्षा अवधि हेतु आवंटित किया जावे, साथ ही सहायक प्रोग्रामर/सूचना सहायको के प्रतिनियुक्ति के आदेश केवल सूचना प्रौद्योगिकी ओर संचार विभाग के माध्यम से ही जारी किये जावे।
- सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय कार्यालयों पर नियमित अथवा प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी/सहायक कर्मचारी की व्यवस्था सुनिश्चित की जावे
आई0टी0 यूनियन जिला उपाध्यक्ष मोजीराम मीना ने बताया कि उक्त मांगोे का यथाशीघ्र निस्तारण नही होने पर सभी आई टी कार्मिक दिनांक 24.04.2023 से राजस्थान सरकार द्वारा आयोजित किये जाने वाले महंगाई राहत कैंम्प का बहिष्कार कर सामुहिक अवकाश पर चले जायेंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।
ज्ञापन देने वालो मे आई0टी0 यूनियन जिला उपाध्यक्ष मोजीराम मीना, एकीकृत महासंघ ब्लॉक ईकाई अध्यक्ष बाबूलाल शर्मा, चेतन शर्मा, राजेन्द्र सिंह, प्रकाश नागर, विनोद नागर, मनराज मीना, ओमप्रकाश नागर व भरत मीना शामिल रहे।
