
बारां ( फ़िरोज़ ख़ान ) – राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कोटा रोड में बुधवार को वार्षिकोत्सव व पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी।
समारोह के मुख्य अतिथि विधायक राधेश्याम बैरवा ने मां सरस्वती की पूजा कर समारोह की विधिवत शुरूआत की। उन्होंने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि जिले के इस एतिहासिक विद्यालय के विकास के लिए वे हरसंभव प्रयास करेंगे। विद्यालय भवन के जीर्णोद्धार के लिए बजट का इंतजाम करेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र यह विद्यालय जिले का गौरव रहा है। शिक्षक यहां समर्पित भाव से छात्र-छात्राओं को शिक्षित कर उन्हें सुयोग्य नागरिक बनाएं। सरकारी स्कूलों में समाज के पिछड़े और वंचित वर्ग के बच्चे अध्ययन करते हैं। ऐसे में उन पर विशेष ध्यान देकर उनके भविष्य का निर्माण करना चाहिए। समारोह के विशिष्ट अतिथि भाजपा उपाध्यक्ष राकेश जैन ने कहा कि विद्यालय का पुराना वैभव और गरिमा लौटाने के लिए यहां सुविधाओं के विकास के साथ मिशन के रूप में शिक्षा के स्तर में उन्नति लाना आवश्यक है।
इससे पूर्व संस्था प्रधान राधेश्याम मीणा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की मूलभूत सुविधाओं की पूर्ति के लिए ध्यान आकृष्ट किया तथा विद्यालय के विकास को लेकर संकल्प दोहराया।
मीडिया प्रभारी प्रद्युम्न गौतम ने बताया कि समारोह में अतिथियों ने विद्यालय के प्रतिभावान विद्यार्थियों और खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साह बढ़ाया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने मधुर गीतों पर मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी।
कार्यक्रम की शुरुआत में उपप्राचार्य आशा यादव, पप्पू सिंह मीणा, राजेन्द्र मीणा, बृजराज मीणा ने अतिथियों का माल्यार्पण, साफाबन्दी और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। संचालन खेल प्रभारी सुनील शर्मा व व्याख्याता मदनमोहन मेघवाल ने किया।
इस दौरान विद्यालय स्टाफ सदस्य संतोष जैन, विकास मीणा, संगीता मीणा, सोनल शर्मा, सुनील मेहता, एनएसएस प्रभारी बद्रीलाल मीणा, धन्नालाल मेघवाल, हर्षाली जैन, मीना खींची, कृष्णा शर्मा, श्वेता जैन, आशुतोष गौतम, रंजना यादव सहित इंटर्नशिप छात्राध्यापक व छात्र छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
