नैनवां ( बाबू लाल शर्मा ) – नैनवां बस स्टैंड क्षेत्र का सबसे पुराना व बड़ा बस स्टैंड होने के बाद भी पालिका की अनदेखी व नेताओ की वादा खिलाफी की मार झेल रहा है। चाहे पार्षद के चुनाव हो या विधायक के सभी मे बस स्टैंड का मुद्दा हमेशा जिंदा रहा है जिससे वोट तो लिए जाते है पर काम नही करवाया जाता। नैनवां बस स्टैंड पर होकर जाने वाली बसों में यात्रियों की जहां दिन बर दिन संख्या बढ़ती जा रही है वही दूसरी ओर यहां से आने जाने वाली कुछ बसों को डिपो प्रबंधक ने बंद कर दिया है जिससे आमजन को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। यहां बने यात्री प्रतीक्षालय का हाल बेहाल दिखाई देता है। यहां जगह जगह गंदगी, सीलन से गीली दीवारे, बेरंग हुआ प्रतीक्षालय, अस्त व्यस्त खड़े वाहन दिखाई देना आम बात हो गई है। दो दशक में यहां विकास सिर्फ कागज में दबकर रह गया है।

