नैनवां ( बाबू लाल शर्मा ) – एमएसपी गारंटी कानून को लेकर किसान महापंचायत के प्रदेशव्यापी आव्हान पर 29 जनवरी को गांव बंद रखे जायेगें। शुक्रवार को किसानो की जनजागृति को लेकर मानपुरा गांव में किसानो की बैठक आहूत की गई। बैठक में जिला महामंत्री कजोड़मल धाकड़ एंव तहसील अध्यक्ष भरतराज मीणा ने बैठक में किसानो की समझाइस करते हुए बताया कि 29 जनवरी 2025 को ’राजस्थान में गांव बंद आंदोलन होगा’ जिसका अभिप्राय गांव का व्यक्ति गांव में, गांव का उत्पादन गांव में रहेंगा। अभी तक किसानों को आन्दोलनों में लड़ाई के लिए कमाई छोड़ना अपरिहार्य रहता था!जबकि इस आंदोलन में व्यक्ति गांव में रहते हुए कमाई का काम कर सकेगा यानि लड़ाई एवं कमाई साथ साथ चल सकेगी जिसमें राजस्थान के 45,537 गांवों को इस आन्दोलन में सम्मिलित होने का आह्वान किया गया हैं। इस आंदोलन में गांव का व्यक्ति गांव में रहेगा, गांव का उत्पाद गांव में रहेगा। आपातकालीन स्थितियों को छोड़कर बस, जीप, रेल या अन्य किसी भी यातायात साधन का उपयोग नहीं किया जावेगा ! यदि किसी को गांव का कोई उत्पाद खरीदना होगा तो उसे गांव में आकर खरीदने की सुविधा रहेगी इससे खरीदनें वालों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण उत्पाद मिल सकेंगा, वहीं खाद्य वस्तुओं में मिलावट के दुष्परिणामों से बचने का विकल्प उपलब्ध रहेगा। गांव बंद’ का प्रयोग ब्रह्मास्त्र के रूप में किया जावेगा! परिणामस्वरुप मौलभाव की शक्ति किसान के पास आ जावेगी और वह अपने उत्पाद का दाम स्वयं निर्धारण कर सकेगा। गांव बंद स्वेच्छा पर आधारित होगा। जिसमें सत्य, शांति एवं अहिंसा के व्रत की पालना अपरिहार्य होगी । इसमें टकराव की सम्भावना न्यूनतम होने से द्वेष की स्थिति उत्पन्न नहीं होगी वरन आपसी प्रेम एवं सद्भाव के आधार पर जन समर्थन प्राप्त किया जा सकेगा। इसकी सफलता के लिए प्रदेश भर में जन -जागरण किया चल रहा है । जिसका प्रमुख उदघोष खेत को पानी- फसल को दाम है । खेत को पानी के लिए सिंचाई परियोजनाऐं प्राथमिकता से बनाने तथा फसल को दाम के लिए खराबे की क्षतिपूर्ति के साथ न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद की गारंटी कानून यथाशीघ्र बनाने संबंधी विषयों की प्रमुखता रहेगी।
इस दौरान प्रमुख किसान लक्ष्मी नारायण मीणा, पाचू चैपदार,मोखम बंजारा,दीपा बंजारा, रामसाई धाकड़, गंगाराम बंजारा, महावीर धाकड़, प्रभु धाकड, सोहन मीणा, जगदीश धाकड़, कमलेश धाकड़ सहित कई लोग मौजूद रहे।
