नैनवां (नीरज गौड़)। शनिवार को राजस्थान पटवार संघ की बूंदी जिला इकाई के चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुए। चुनाव प्रक्रिया में जिले के कुल 41 पटवारियों ने भाग लिया और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अध्यक्ष पद के लिए घनश्याम कहार एवं महादेव मेघवाल के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। मतदान के बाद घोषित परिणामों में घनश्याम कहार को 21 मत प्राप्त हुए, जबकि महादेव मेघवाल को 20 मत मिले। इस प्रकार मात्र एक मत की बढ़त के साथ घनश्याम कहार ने अध्यक्ष पद पर विजय प्राप्त की।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए राधेश्याम मीना और शक्ति सिंह हाड़ा आमने-सामने रहे। इस पद पर शक्ति सिंह हाड़ा ने 22 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की, जबकि राधेश्याम मीना को 19 मत मिले। अन्य पदों के लिए भी मतदान के माध्यम से पदाधिकारियों का चयन किया गया। मंत्री पद पर दलवीर सिंह, संयुक्त मंत्री पद पर अक्षत राठौर एवं राकेश कुमार मीणा, तथा कोषाध्यक्ष पद पर प्रबोधनंद मेघवाल निर्वाचित हुए।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद राजस्थान पटवार संघ की ओर से सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का माला पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर उपस्थित पटवारियों ने नवगठित कार्यकारिणी से संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की अपेक्षा जताई।
