प्रधान पदम नागर व सरपंच सत्य प्रकाश शर्मा ने मंत्री खींवसर को स्थानीय समस्याओं से कराया अवगत
बूंदी ( नीरज गौड़ ) – नैनवां क्षेत्र के भाजपा नेताओं ने पूर्व मंत्री प्रभु लाल सैनी की अगुवाई में हाल ही में कैबिनेट मंत्री बने गजेंद्र सिंह खींवसर से मुलाकात कर पुष्पगुच्छ भेंट कर उन्हें नव दायित्व की शुभकामनाएं प्रेषित की। यहां जयपुर पहुंचे नैनवां पंचायत समिति प्रधान पदम नागर, सरपंच संघ अध्यक्ष सत्य प्रकाश शर्मा, भाजपा नैनवां शहर मंडल अध्यक्ष राजेंद्र सिंह सोलंकी, देवली युवा मोर्चा अध्यक्ष मनोज शर्मा आदि भाजपा नेताओं ने कैबिनेट मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर को नववर्ष की शुभकामनाएं प्रेषित करने के साथ ही उन्हें क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से अवगत करवाया। प्रधान पदम नागर ने मंत्री खींवसर को बताया कि गत कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं जस की तस खड़ी है। जिस पर कैबिनेट मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने कहा कि नैनवा क्षेत्र की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करवाया जाएगा। भाजपा सरकार में आमजन की सुविधाओं पूरा ख्याल रखा जाएगा। खींवसर ने कहा कि आगामी कार्यकाल में राजस्थान में अंतिम पंक्ति में खड़े हर वंचित व्यक्ति को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित कर उसे समाज की मुख्य धारा से जोड़ना ही भाजपा सरकार का मुख्य उद्देश्य है। सरपंच सत्य प्रकाश शर्मा ने कैबिनेट मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर को नैनवां व बांसी आने का न्योता दिया। जिसे मंत्री खींवसर ने सहर्ष स्वीकार करते हुए आगामी दिनों में क्षेत्र का कार्यक्रम बनाने की बात कही।
