बांसी सरपंच सत्य प्रकाश शर्मा ने राजस्थान सरकार की योजनाओं व नवाचारों से कराया अवगत
बूंदी ( नीरज गौड़ ) – पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास संस्थान के तत्वाधान में मेघालय अध्ययन यात्रा पर गए जिले के बांसी सरपंच सत्य प्रकाश शर्मा सहित राजस्थान के जनप्रतिनिधियों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण मेघालय के शिलांग शहर में प्रारंभ हुआ। सरपंच सत्य प्रकाश शर्मा ने बताया कि मेघालय के शिलांग शहर में आयोजित पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के प्रथम सेमिनार में एसआईआरडी टीम के द्वारा प्रशिक्षण के दौरान दी जाने वाले विभिन्न ट्रेनिंग प्रोग्राम के बारे में बताया गया एवं सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं एवं उन्हें धरातल पर उतारने में सहायक राजकीय उपक्रमों द्वारा दी जाने वाली ट्रेनिंग के बारे में जानकारी दी गई। तत्पश्चात संपूर्ण प्रशिक्षण दल को मेघालय के रिबोई जिले के उमनसिंग ब्लॉक के विकास अधिकारी कार्यालय में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के साथ मिलकर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। जहां ग्रामीण महिलाओं ने समूह से जुड़ने के बाद उनके सामाजिक एवं आर्थिक जीवन में हुए बदलाव के बारे में सभी से अपने विचार साझा किए। यहां चल रहे कार्यों के बारे में वहां के हैडमैन रॉकी ने आंगनबाड़ी केंद्र का भ्रमण कराते हुए बताया कि मेघालय में किस प्रकार ग्राम दरबार आयोजित करके लोगों की भावनाओं के अनुकूल कार्यों को किया जाता है। राजस्थान से गए जनप्रतिनिधियों के दल को यहां ग्राम भ्रमण करवा कर पंचायत कार्यालय का अवलोकन करवाया गया। प्रशिक्षण के दौरान सरपंच सत्य प्रकाश शर्मा ने भी राजस्थान सरकार की योजनाओं तथा प्रदेश में किए जा रहे नवाचारों से अवगत करवाया।
