बूंदी ( नीरज गौड़ ) – भगवान आदिनाथ जयराज मारवाडा महाविद्यालय के अशैक्षणिक कर्मचारियों ने शुक्रवार को उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बेरवा कोटा से जयपुर जाते वक्त अध्यक्ष राकेश महावर के साथ हिंडोली जाकर दीक्षांत सोनी के नेतृत्व में ज्ञापन दिया। जिसमें उपमुख्यमंत्री को बताया कि नैनवा महाविद्यालय को जुलाई 2019 में राज्याधीन किया गया था जब से कर्मचारियों की राजकीय सेवा में समायोजन की सारी प्रक्रिया है जैसे दस्तावेज सत्यापन स्क्रीनिंग कमेटी की रिपोर्ट एवं सचिवालय से सभी प्रकार के कर्मचारी संबंधी आदेश जारी कर दिए गए हैं। लेकिन आयुक्तालय द्वारा इस संबंध में नियुक्ति पत्र जारी नहीं किये जा रहे हैं। इसी के साथ कर्मचारियों को 27 माह से वेतन भी नहीं मिल रहा है। महंगाई के इस दौर में जीवन यापन करना भी दुभर हो रहा है। इसी के साथ सुहेल राजा ने उप मुख्यमंत्री को बताया कि मुख्य परीक्षा 2022 एवं 2023 नोडल प्राचार्य राजकीय महाविद्यालय उनियारा के तत्वाधान में आयोजित करवाई गई थी जिसका भुगतान विश्वविद्यालय द्वारा जारी कर दिया गया है लेकिन उनियारा महाविद्यालय द्वारा इसकी स्वीकृति नहीं देकर कर्मचारियों को 2 साल के परीक्षा भुगतान से भी वंचित रखा जा रहा है। उप मुख्यमंत्री जी ने कॉलेज छात्र संख्या एवं सुख सुविधाओं की जानकारी भी ली। एवं आश्वासित किया कि जल्द ही इस प्रक्रिया को पूर्ण कर लिया जाएगा एवं कर्मचारी हित में सभी फैसले लिए जाएंगे। ज्ञापन देने में राकेश महावर, सुहेल राजा, मुराद अली, संजय शर्मा, भंवरलाल वर्मा, नूर मोहम्मद एवं मोहम्मद जावेद शामिल रहे।
