आयोजको ने प्रेस वार्ता कर दी जानकारी
नसीराबाद ( मुकेश वैष्णव) – नसीराबाद शहर में पहली बार राज्य स्तरीय चार दिवसीय सब जूनियर अण्डर 14 वूशू प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। राजस्थान वुशू संघ के अध्यक्ष खुबाराम मेहरा ने शहीद भगतसिंह अकेडमी इन हेवन स्कूल के पास , मिशन ग्राउंड में प्रेस वार्ता कर बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन 8 मार्च से 11 मार्च तक श्री चन्द्रनाथ आदर्श विद्या मंदिर देरांठू में होगा। यह प्रतियोगिता विधायक रामस्वरूप लाम्बा के निर्देशन में आयोजित की जा रही है । जिसमें राजस्थान के विभिन्न जिलों से करीब 500 से 600 बालक बालिकाओं का रजिस्ट्रेशन होगा जिसके अन्तर्गत 8 मार्च को सभी प्रतिभागियों का वजन (भार) लिया जायेगा। 9 मार्च से प्रतियोगिता प्रारम्भ की जायेगी, जिसका समापन 11 मार्च को होगा। समापन समारोह में सभी विजेताओं का सम्मान कर स्वर्ण पदक , रजत पदक एवं कांस्य पदक वह सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे । अध्यक्ष मेहरा ने बताया कि इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले एवं जीतने वाले प्रतिभागियों को सरकार की और से सरकारी नौकरियों में भी 2 प्रतिशत का आरक्षण का लाभ मिलेगा।
प्रेस वार्ता में आयोजक समिति के विजय मेहरा , ललित राठी, गगन मेहरा , मणिकान्त शर्मा , अजय कुमार , अर्जुन सिंह , संजय यादव सहित समस्त शहीद भगतसिंह एकेडमी के सदस्य व मेडललिस्ट उपस्थित थे ।
