नैनवा – शिक्षक संघ राष्ट्रीय ने शिक्षा मंत्री को पत्र भेजकर परीक्षा कार्यक्रम में संशोधन की मांग की है। शिक्षक संघ अध्यक्ष सुगनचंद मीणा और मिडिया प्रभारी पंकज जैन ने बताया कि राजस्थान में 19 एवम 26 अप्रैल को लोकसभा चुनाव की घोषणा हुई है लोकसभा चुनाव होने के कारण स्कूलों को मतदान केंद्र बनाया जाना है तथा शिक्षकों एवं विद्यालय कार्मिकों की ड्यूटी भी मतदान दलों में लगाई जाती है वर्तमान में बोर्ड के अलावा अन्य कक्षाओं की वार्षिक परीक्षाओं की तिथियां भी 8 अप्रैल से 25 अप्रैल तक निश्चित है तथा एक मई 24 से नए शिक्षा सत्र का भी प्रारंभ होना है जिसका निर्धारण शिविरा पंचांग में किया गया है।
प्रारंभिक शिक्षा विभाग द्वारा भी पांचवीं बोर्ड परीक्षाओं को 15 से 20 अप्रैल 24 तक करवाया जाना निश्चित किया गया है। लोकसभा चुनाव के कारण पांचवीं बोर्ड परीक्षा एवं अन्य कक्षाओं की वार्षिक परीक्षाओं का आयोजन एवं उनका परीक्षा परिणाम तथा नए सत्र के शुभारंभ का होना संभव नहीं होने के कारण उक्त तिथियां में संशोधन करवाया जाना अपेक्षित है। इसलिए हमारी मांग है कि शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित होने वाली सभी तरह की परीक्षाओं की तिथियां में संशोधन करवाएं जाकर नई तिथियां की घोषणा किया जाना उचित रहेगा।
