नैनवां ( नीरज गौड़ ) – नगर पालिका नैनवां के कर्मचारियों और ठेकेदार की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। जल्दबाजी में कराए गए निर्माण कार्य के चलते सरकार को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। मामला नैनवां के गोपेश्वर महादेव मंदिर के पास बनी सीसी सड़क का है।
जानकारी के अनुसार नगर पालिका द्वारा सीसी सड़क निर्माण के दौरान पहले से बनी सीसी सड़क और पेयजल पाइप लाइन को तोड़ दिया गया। इसके बाद बिना उचित तकनीकी जांच के उसी स्थान पर दोबारा सीसी सड़क बना दी गई। इस लापरवाही का परिणाम यह हुआ कि अब टूटी हुई पाइप लाइन से लगातार अमूल्य पेयजल व्यर्थ बह रहा है, वहीं सड़क बनने के बाद पाइप लाइन की मरम्मत भी संभव नहीं रह गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क निर्माण के महज दो दिन बाद ही लीकेज के कारण पानी बाहर आने लगा था, लेकिन ठेकेदार की जल्दबाजी और पालिका कर्मियों की अनदेखी के चलते केवल लीपापोती कर मामले को दबा दिया गया।
इस पूरे घटनाक्रम से न केवल सरकारी धन की बर्बादी हुई है, बल्कि पेयजल संकट की आशंका भी बढ़ गई है। नागरिकों ने जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। गौरतलब रहे कि पालिका की ओर से इससे पूर्व भी बटवाडिया की टेक के पास बनाये गए सीसी रोड व नाली क्रॉसिंग में भी यही गलती की गई जिससे वहां पानी भरने से गड्ढे हो गए है और दुर्घटना का अंदेशा है।

