नैनवा ( नीरज गौड़ ) – सरस्वती सेकेंडरी स्कूल नैनवा में शनिवार, 7 फरवरी 2026 को वार्षिक उत्सव एवं विदाई समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष सरिता नागर रहीं, जबकि अध्यक्षता शिक्षा विद् भवानी सिंह सोलंकी (सेवानिवृत्त व्याख्याता) ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में नंद सिंह सोलंकी एवं कृष्ण मुरारी तिवारी उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत संस्था संचालक अनिल रंगीला द्वारा माल्यार्पण एवं तिलक लगाकर किया गया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। नन्हे-मुन्ने बाल कलाकारों ने एकल, युगल एवं सामूहिक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। इस अवसर पर कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों को तिलक व माला पहनाकर भावभीनी विदाई दी गई। साथ ही गत वर्ष कक्षा 10वीं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि सरिता नागर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर प्रयास से सफलता प्राप्त करने का संदेश दिया तथा सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का सफल संचालन निर्मला गौतम ने किया। समारोह में विद्यालय स्टाफ के सभी शिक्षकगण राम मीणा, आफताब, निर्मला गौतम, ज्योति गोड, नीलू साहू, मैना महावर, हिना बानो एवं नेहा मैडम सहित अन्य उपस्थित रहे।
