नैनवां ( नीरज गौड़ ) – नैनवा शहर की बस्ती क्रमांक 6 व 7 में आज विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। सम्मेलन के उपलक्ष्य में गोपेश्वर महादेव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात कलश यात्रा का शुभारंभ किया गया। कलश यात्रा में माता अहिल्याबाई होलकर की आकर्षक झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। यात्रा गोपेश्वर महादेव मंदिर से प्रारंभ होकर अदालत के सामने, भगत सिंह मार्ग होते हुए श्री छप्पन जी महाराज मंदिर पहुंची।
कलश यात्रा व कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा, बहिनें, महिलाएं एवं प्रबुद्धजन भगवा साफा धारण कर शामिल हुए। श्री छप्पन जी महाराज मंदिर परिसर में धर्मसभा का आयोजन किया गया, जहां भारत माता की तस्वीर पर दीप प्रज्वलन कर अतिथियों द्वारा कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की गई।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक गुमान सिंह रहे। मुख्य अतिथि संत मूलक पीठाधीश्वर श्री राजेंद्रदास जी महाराज के परम शिष्य श्री भारद्वाज जी महाराज उपस्थित रहे। मंच पर बहिन निशा सनातनी निवाई, रामराय जाट एवं सुनीता जी शर्मा भी आसीन रहीं।
धर्मसभा में वक्ताओं ने पंच परिवर्तन विषय पर प्रकाश डालते हुए पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, धर्म, सामाजिक समरसता, नागरिक कर्तव्य एवं कुटुंब प्रबोधन को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति इन मूल्यों को अपने जीवन में उतार ले, तो भारत पुनः विश्व गुरु बनने की दिशा में अग्रसर होगा।
