नैनवां ( नीरज गौड़ ) – नैनवां में स्थित जय जिनेंद्र कोचिंग क्लासेज में कक्षा 12वीं के वाणिज्य एवं विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की वंदना से की गई, जिसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भावुक और आनंदमय बना दिया।
इस अवसर पर कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को कुमकुम का टीका लगाकर मुंह मीठा करवाया गया तथा परीक्षा में सफलता की कामना करते हुए कलम भेंट की गई। संस्थान के निर्देशक रिंकू जैन ने विद्यार्थियों को परीक्षा के दौरान तनावमुक्त रहने की सलाह दी और समय प्रबंधन को सफलता की कुंजी बताया। उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास और नियमित अभ्यास से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
कार्यक्रम में उपस्थित विषय विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को परीक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण टिप्स दिए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का संचालन संस्थान के टीचिंग हेड जिनेंद्र जैन ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में अच्छे संस्कार अपनाने, माता-पिता एवं गुरुजनों का सदैव सम्मान करने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों का आशीर्वाद लिया और भावुक वातावरण में समारोह का समापन हुआ।
