नैनवां ( नीरज गौड़ ) – नैनवां का एकमात्र विकसित गांधी पार्क इन दिनों क्रिकेट ग्राउंड के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे पार्क की शांति और व्यवस्था प्रभावित हो रही है। सुबह-शाम टहलने आने वाले लोगों को खिलाड़ियों की गेंदबाजी और बल्लेबाजी के कारण असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। पार्क में खेल के दौरान कई बार गेंद राहगीरों के पास जाकर गिरती है, जिससे चोट लगने का खतरा बना रहता है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि गांधी पार्क शहरवासियों के लिए सैर करने और विश्राम का प्रमुख स्थान है, लेकिन बच्चों द्वारा रोजाना क्रिकेट खेलने से यहां का वातावरण बाधित हो रहा है। खेल के दौरान पार्क में लगी घास और पौधों को भी नुकसान पहुंच रहा है।
हैरानी की बात यह है कि पार्क की सुरक्षा और रखरखाव के लिए तैनात कार्मिक भी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पार्क में खेल गतिविधियों पर रोक लगाई जाए और बच्चों के लिए अलग खेल मैदान की व्यवस्था की जाए, ताकि पार्क की सुंदरता और शांति बनी रह सके।
