नैनवां ( नीरज गौड़ ) – कोटा ग्रामीण जिले के पुलिस थाना मोड़क की टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे एक इनामी स्थाई वारंटी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई में देई कस्बा निवासी कांस्टेबल शिवओम शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक कोटा ग्रामीण के निर्देशन में फरार अपराधियों और स्थाई वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना मोड़क पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र की मदद से करीब 25 वर्षों से फरार चल रहे 2000 रुपये के इनामी स्थाई वारंटी गोपालचंद पुत्र चिरंजीलाल महाजन (63) को गिरफ्तार किया।
पुलिस टीम लगातार आरोपी के संभावित ठिकानों की तलाश में जुटी हुई थी। जांच के दौरान उसके वर्तमान ठिकाने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
इस कार्रवाई में कांस्टेबल शिवओम शर्मा की सक्रियता, सूझबूझ और मेहनत से पुलिस टीम को सफलता मिली। उल्लेखनीय है कि पिछले 90 दिनों में यह उनकी दूसरी बड़ी उपलब्धि है। इससे पहले भी उन्होंने फायरिंग के बीच आरोपी को पकड़कर साहस का परिचय दिया था।
इस सफलता से पुलिस विभाग के साथ-साथ देई कस्बे और आसपास के क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है तथा शिवओम शर्मा की सराहना की जा रही है।
