नैनवां ( नीरज गौड़ ) – उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले की दुद्धी तहसील में 15 मार्च 2026 को वीर बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय रक्तदाता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में देश-विदेश से समाजसेवियों और रक्तदाताओं को आमंत्रित किया गया। समारोह के दौरान रक्तकोष फाउंडेशन बूंदी के जिला सचिव रक्तवीर सीताराम मीणा ने स्वैच्छिक रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।
सीताराम मीणा ने रक्तदान के माध्यम से लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को वर्ष में दो से चार बार रक्तदान करना चाहिए, जिससे देश में होने वाली रक्त की कमी को काफी हद तक दूर किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि रक्तदान से किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है, इसलिए समाज के युवाओं को आगे आकर इस पुनीत कार्य में भाग लेना चाहिए।
रक्तदान के दौरान उनके साथ रक्तकोष फाउंडेशन बूंदी के जिला अध्यक्ष एवं ब्लड डोनर रामलक्ष्मण मीणा (नर्सिंग ऑफिसर), जिला प्रवक्ता रक्तवीर रामलाल मीणा सहित अन्य समाजसेवी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का आयोजन प्रगति फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा किया गया, जिसके तहत रक्तदान के प्रति देश-विदेश में जागरूकता फैलाने के लिए रैली भी निकाली गई। इसके बाद आयोजित रक्तदान शिविर में विभिन्न राज्यों से आए रक्तवीरों ने स्वैच्छिक रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की।
