
नैनवां ( नीरज गौड़ ) – नैनवां तहसील के ग्राम बीजलबा में चैनपुरिया रोड से शोभागमल मीणा के बगीचे होते हुए हरनाथ के झोंपड़े तक जाने वाले राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज आम रास्ते पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने प्रशासन को दिए ज्ञापन में आरोप लगाया है कि कजोड़ पुत्र नाथूलाल मीणा ने खसरा संख्या 195, 197 एवं 198 से गुजरने वाले इस रास्ते पर तारबंदी कर रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया है। इससे आसपास के किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कब्जाधारी ने रास्ते में स्थित एक हरा खेजड़ी का पेड़ तथा करीब 40 नीम के पौधों को काटकर नष्ट कर दिया और रास्ते को अपने खेत में मिला लिया। इसके अलावा गांव के मुख्य मार्ग पर भी मिट्टी डालकर आवागमन बाधित कर रखा है। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में भी इस संबंध में कई बार शिकायतें की गईं तथा 9 अप्रैल 2026 को उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
बारिश का मौसम शुरू होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आम रास्ते को शीघ्र बहाल करवाने और दोषी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
