नैनवां (नीरज गौड़)। कस्बे एवं क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की मांग को लेकर नैनवां के सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन में क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी कई महत्वपूर्ण समस्याओं को उठाते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई है।
ज्ञापन में नैनवां की पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने, निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, शहर की जर्जर सड़कों की मरम्मत कराने तथा नालियों एवं सड़कों पर फैली गंदगी की नियमित सफाई करवाने की मांग की गई है। इसके अलावा नैनवां अस्पताल में चिकित्सकों की नियुक्ति कर चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार करने पर भी जोर दिया गया है।
सामाजिक कार्यकर्ताओं ने नैनवां के तीनों तालाबों के वेस्टवेयर की समस्या का स्थायी समाधान करने, अवैध अतिक्रमण हटाने तथा किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई है। ज्ञापन में क्षेत्र में भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा लंबे समय से लंबित कृषि मंडी को जल्द शुरू करने की आवश्यकता बताई गई है।
